भव्य शोभायात्रा से बरसी मेले का आगाज, हरे माधव की गूंज, देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु


कटनी, यशभारत। बाबा माधवशाह, बाबा नारायणशाह की पावन स्मृति में आयोजित दो दिवसीय बरसी महोत्सव का आज 9 अक्टूबर को आगाज हो गया। मेले में कटनी ही नहीं वरन पूरे देश में हजारों की तादात में आए श्रद्धालुओं ने हरे माधव दरबार पहुंचकर मत्था टेका। इसके पहले आज सुबह सतगुरू बाबा ईश्वरशाह ने माधवनगर रेल्वे स्टेशन पर दीप प्रज्वलित कर बरसी मेले का शुभारंभ किया। इसके उपरात सतगुरू बाबा ईश्वरशाह के सानिध्य में भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा सुमन बिखेरती हुई विशाल शोभायात्रा हरेमाधव सत्संग प्रांगण पहुंची, जहां विशाल पंडाल में सतगुरु साहिब को विराजमान कर सत्संग, भजन व कीर्तन की अमृतवर्षा की गई। इस अवसर पर जीवनमुक्त सतगुरूओं की लीलाओं की वीडियो प्रस्तुति की गई। शोभायात्रा हरे माधव दरबार से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने हरे माधव दरबार सत्संग स्थल पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में आकर्षक प्रस्तुति ने मन मोह लिया। शोभायात्रा के सुसज्जित पंडाल में पहुंचने के बाद सारा आलम हरे माधव के जयकारों से गंूज उठा। यहां श्रद्धालुओं ने सतगुरु साई जी के दर्शन किए इसके उपरांत भजन कीर्तन का सिलसिला शुरू हो गया। इसी कड़ी में शाम 6 बजे से हरे माधव शब्द कीर्तन का आयोजन किया गया है। बरसी मेले के दोनों दिन बाबा माधवशाह चिकित्सालय में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। कल मंगलवार 10 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से भजन कीर्तन एवं सतगुरु साई ईश्वरशाह साहिब जी की पावन अमृत वर्षा होगी। इसके उपरांत लंगर आयोजित किया गया है।
श्रद्धालुओं के रूकने की व्यवस्था
बर्सी मेले में देश के कोने कोने से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं के रूकने की व्यवस्था धर्मशालाओं, भवनों एवं घरों में की गयी है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु माधवनगर पहुंचकर आस्था का अमृत पान कर रहे हैं। न केवल मध्यप्रदेश बल्कि छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, दिल्ली सहित विदेशों से भी अनेक भक्तजन शामिल होकर इस पुण्य पर्व को सफल बना रहे हैं। देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क ठहरने की व्यवस्था बाबा माधवशाह भवन, हरेनारायण भवन, सतगुरु मनोहरशाह भवन, सिन्धु भवन, सिन्धु सदन, पंजाबी सनातन भवन, गुरुनानक धर्मशाला, नारायणशाह भवन धर्मशालाओं सहित टीजीएस होटल, अर्जुन पैलैस, नारायणशाह मेरिज गार्डन अनेक सेवादारों के घरों पर की गई है।







