ब्लड बैंक में मिली खामियां, लैब तकनीशियन पर गिरी गाज : अस्पताल में हड़कंप

मंडला l क्षेत्रीय संचालक डॉ. संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला चिकित्सालय मंडला का औचक निरीक्षण किया। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक में कमियां मिली।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक द्वारा गठित विशेष टीम जिसमें जबलपुर ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. अमिता जैन एवं ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अभितेष भल्ला ने जिला चिकित्सालय मंडला के ब्लड बैंक की सघन जांच की। निरीक्षण के दौरान नियमों के आधार पर की जाने वाली जांचों में लापरवाही और रजिस्टरों के संधारण में भारी कमी पाई गई। जानकारी अनुसार जिला चिकित्सालय मंडला के ब्लड बैंक में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. योगेश सिरश्याम और अस्पताल प्रबंधक अजय सैयाम को कारण बताओ नोटिस स्पष्टीकरण जारी किया।
लैब में पदस्थ एक लैब तकनीशियन को तत्काल प्रभाव से कार्य से अलग कर दिया गया। इसके साथ ही ब्लड बैंक में व्यवस्थाएं सुधारने के लिए एक स्थाई चिकित्सक की पदस्थापना भी कर दी गई है। सीएमएचओ ने सिविल सर्जन को कड़े निर्देश दिए कि ब्लड बैंक के सूचना पटल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को रक्त नि:शुल्क दिया जाता है, जिससे आम जनता को इसकी जानकारी रहे और कोई भ्रम न रहे। इसके साथ ही मेटरनिटी विंग का निरीक्षण किया गया। जिसमें सोनोग्राफी और पोर्टल एंट्री पर जोर दिया। इसके साथ ही डॉ. मोहंती ने मेटरनिटी विंग और गायनिक ओपीडी का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गायनिक चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अनिवार्य रूप से लगाई जाए। अस्पताल आने वाली सभी गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी सुनिश्चित की जाए। सभी जांचों की शत-प्रतिशत एंट्री एएनसी पोर्टल पर समय पर की जाए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सहित अस्पताल का अन्य प्रशासनिक स्टाफ भी मौजूद रहा।







