ब्रेकिंग : मकरोनिया नगर पालिका वार्ड उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी की अप्रत्याशित जीत : कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ संभागीय मुख्यालय से लगे हुए उप नगरीय क्षेत्र मकरोनिया नगर पालिका की सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड क्रमांक 9 में हुई उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी मुकेश पटेल ने अप्रत्याशित जीत हासिल कर कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है।
इससे पहले यह वार्ड दो बार से कांग्रेस पार्टी के पास था। लेकिन यहां से कांग्रेस पार्षद रहे कल्लू पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से उसकी यह परंपरागत सीट छीन ली है। कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव में यहां से सुनील चौधरी को प्रत्याशी बनाया था। उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा की ओर से विधायक प्रदीप लारिया तो कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी मोर्चा संभाले हुए थे। भाजपा प्रत्याशी मुकेश पटेल की चुनावी कमान उनके भाई विजय पटेल ने संभाली थी।
बुधवार को हुए मतदान में कुल 1520 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आज मतगणना के बाद घोषित हुए परिणामों में भाजपा प्रत्याशी मुकेश पटेल को 1375 वोट हासिल हुए जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनील चौधरी को महज 132 वोट मिलने के साथ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है।