बैंक में बैठे ग्रामीण की जेब से 35 हजार की चोरी, CCTV फुटेज के बावजूद अज्ञात आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर, बरही में हुई घटना

कटनी, यश भारत। जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक शाखा बरही में दिनदहाड़े एक ग्रामीण की जेब से 35 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि घटना बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बनगवा निवासी शिवप्रसाद पटेल पिता राममिलन पटेल (उम्र 35 वर्ष) 13 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे भारतीय स्टेट बैंक शाखा बरही पहुंचे थे। उनके कुर्ते की जेब में 35 हजार रुपये रखे हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी ही सूझ-बूझ के साथ उनकी जेब से पूरी रकम निकाल ली।
रुपये गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक परिसर में शोर मचाया और बैंक गार्ड के साथ शाखा प्रबंधक के कक्ष में पहुँचे। बैंक प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की धूमिल तस्वीर कैमरे में दिखाई दी।
इसके बाद पीड़ित शिवप्रसाद पटेल ने बरही थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का कहना है कि पुलिस द्वारा उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी की पहचान हो सकी है और न ही चोरी की गई रकम बरामद हुई है।
सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद आरोपी तक न पहुँच पाना बरही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। अब यह देखना शेष है कि पीड़ित को न्याय मिल पाता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह केवल आश्वासनों तक ही सीमित रह जाएगा।






