बेटे और समर्थकों के साथ सुनील रांधेलिया भाजपा में हुए शामिल

कटनी, यशभारत। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील रांधेलिया ने अपने बेटे सम्भव के साथ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर आज बीजेपी की सदस्यता ले ली। भाजपा कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस नेता के साथ करीब 40 कार्यकर्ताओं ने बीजेपी ज्वाइन की।
गौरतलब है कि सुनील रांधेलिया की बेटी सौम्या यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। सदस्यता के दौरान वे मौजूद नही थी। संभवत: वे कांग्रेस में ही अपना आगे का सफर जारी रखेंगी। जानकारी के मुताबिक भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सुनील रांधेलिया को भगवा अंगवस्त्र पहनकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
उनके साथ पुत्र सम्भव रांधेलिया, रामनारायण सेन, राजू चौदहा, बाबा ठाकुर, विकास बाझल, मुनीम अग्रवाल, डॉ पांडे व अन्य लोगों ने भाजपा से नाता जोड़ लिया। बातचीत में सुनील रांधेलिया ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में अब इच्छाशक्ति की कमी हो गई है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। गौरतलब है कि सुनील रांधेलिया पूर्व में युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष थे और उनकी गिनती कांग्रेस के भीतर प्रभावशाली नेताओं में होती आई है। उन्होंने अनेक पदों पर काम किया।
कांग्रेस विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने राजीव युग मंच की स्थापना भी की और उसे पूरे प्रदेश में सक्रिय किया। उनके कांग्रेस से नाता तोडऩे को पार्टी के लिये कटनी में बड़ा झटका माना जा रहा है। श्री रांधेलिया को कांग्रेस में सुरेश पचौरी और सिंधिया समर्थक माना जाता था। ये दोनों नेता इस समय भाजपा में है, इसलिए श्री रांधेलिया की जॉइनिंग को आश्चर्य के रूप में नहीं देखा जा रहा है