बिरयानी दुकानदार से लूट, चाकू मारकर मोबाइल-नकदी लूटे : तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, घायल अस्पताल में भर्ती

सतना। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें बिरयानी दुकानदार अफसर आलम उर्फ सद्दाम ( उम्र 30 वर्षी ) से तीन बदमाशों ने चाकू मारकर लूटपाट की और फरार हो गए।
अफसर आलम, निवासी नजीराबाद, रीवा रोड पर गहिरा नाला के पास बिरयानी की दुकान चलाता है। मंगलवार रात करीब 12:30 बजे वह स्कूटी से दुकान बंद कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह बायपास से टिकुरिया टोला की ओर मुड़ा, तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया।
सीने में चाकू मारकर 10 हजार रुपए व मोबाइल छीना
गिराने के बाद एक बदमाश ने उसके सीने में चाकू से वार किया, जबकि अन्य दो ने उसका मोबाइल और दुकान की दिन भर की कमाई (करीब ₹10,000) लूट लिए। तीनों आरोपी बाइक से भाग निकले।
घायल हालत में अफसर आलम को राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक हालत खतरे से बाहर है।
कोलगवां थाना पुलिस ने शुरू की जांच
बुधवार दोपहर को कोलगवां पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।







