मध्य प्रदेशराज्य

बिना नंबर की बोलेरो में  अवैध शराब  का जखीरा, तस्कर गिरफ्तार : 3.86 लाख रुपये की शराब व वाहन जब्त

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने रविवार 8 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे एक कुख्यात शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिना नंबर की बोलेरो वाहन सहित 339.28 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 3 लाख 86 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो वाहन में अवैध शराब लेकर शहर में विक्रय के लिए परिवहन किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा टीम गठित कर छिंदवाड़ा रोड स्थित द ग्रेड रॉयल होटल के सामने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान छिंदवाड़ा की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 14 थैलों और 11 कार्टूनों से कुल 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।

वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कमल मानाठाकुर पिता मिठाईलाल मानाठाकुर (51) निवासी रेलवे क्रॉसिंग के पास, रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी बताया। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन सहित अवैध शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 180 लीटर प्लेन मदिरा, 72 लीटर लाल मसाला, 43 लीटर मैकडोवेल्स रम, 35.28 लीटर ऑफिसर चॉइस व्हिस्की और 9 लीटर जिनियस व्हिस्की जब्त की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कमल मानाठाकुर के खिलाफ पहले भी आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले 24 जनवरी 2024 को भी उसके कब्जे से 223.56 लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक दयाराम शरणागत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button