
कटनी/पवई, यश भारत। दक्षिण पन्ना वनमण्डल के वनपरिक्षेत्र सलेहा के अंतर्गत दिनांक 01-02 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात्रि को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान एक सफल कार्यवाही को अंजाम दिया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सलेहा सुश्री जीतू सिंह बघेल के निर्देशन में गश्ती दल ग्राम बंडोरा के पास पहुंचा था। वन अमले को देखकर कुछ संदिग्ध व्यक्ति बंडोरा स्कूल के पास से भागने लगे, जिनमें से एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल बाल्मीकि पिता पप्पू बाल्मीकि, निवासी सुनवारी बताया।
मौके पर की गई तलाशी के दौरान एक नायलॉन की बोरी में लगभग 10 किलोग्राम कच्चा मांस बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ बिजली के तार से कटिया लगाकर सांभर का शिकार किया था। बरामद सामग्री में कच्चा मांस, लकड़ी की खूंटी और कटिया लगा हुआ बांस शामिल है। आरोपी को पूछताछ और साक्ष्य संकलन हेतु वन परिक्षेत्र सलेहा कार्यालय परिसर लाया गया, जहां जांच कार्यवाही जारी है।
इस कार्रवाई में वनपाल देवेंद्रगिरी गोस्वामी, दिलीप सिंह, प्रीतमलाल दहायत, वनरक्षक इंद्रकुमार वर्मा, मनोज कुमार चौरसिया, मथुरा प्रसाद रैकवार, उमाशंकर पाल, रविंद्र सिंह बागरी, महेंद्र कुमार अग्रहरि, विनय मिश्रा, ज्ञानप्रकाश सिंह आरख, प्रीति दुबे, दीपिका डेहरिया सहित समिति के सुरक्षा श्रमिकों का विशेष योगदान रहा। वन विभाग द्वारा फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।







