बारिश का कहर : तेज उफनाते नाले में बहते दिखे सैकड़ों मवेशी : विचलित करने वाली घटना, वीडियो हुआ वायरल

सतना \मैहर। रामनगर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक चार स्थित करौंदिया मोहल्ले से एक दर्दनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। तेज बारिश के कारण उफनाए एक नाले में सैकड़ों की संख्या में गाय और बैल बहते हुए नजर आए। इस दृश्य को स्थानीय लोगों ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नाले में पानी का बहाव अत्यंत तेज है और उसमें जानवरों को बहते हुए देखा गया। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह नाला नगर परिषद की सीमा के अंतर्गत आता है, जबकि करौंदिया गांव के लिए कोई सुरक्षित रास्ता भी उपलब्ध नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गांव के कुछ लोगों ने जानवरों को जानबूझकर और बलपूर्वक पानी में उतारा था, जिससे वे तेज बहाव में बह गए। इस आरोप से क्षेत्र में आक्रोश की लहर है और प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने नगर परिषद और जिला प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बरसात के मौसम में ऐसे नालों की सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नहीं किया गया है। वहीं, करौंदिया जैसे गांवों के लिए सुरक्षित आवाजाही के साधन भी वर्षों से उपेक्षित हैं।
जांच की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जानवरों को जानबूझकर पानी में उतारा गया, तो यह पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत गंभीर अपराध है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।







