बाघ के हमले से 57 वर्षीय वृद्ध घायल : खंडासा ग्राम के समीप जंगल की घटना,वन अमला जांच में जुटा

सिवनी यश भारत-जिले के खवासा वन परिक्षेत्र अंतर्गत खंडासा के समीप जंगल में शाम के समय मवेशी चरा रहे एक वृद्ध पर बाघ ने हमला कर दिया। जिसके कारण वृद्ध घायल हो गया। जिसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मवेशियों को चरा रहे चरवाहे रामा बोपटे उम्र 57 वर्ष पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। जिसके कारण वृद्ध घायल हो गया। घटना की जानकारी वन अमले व कुरई पुलिस को दी गई। जिसके बाद घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई में भर्ती किया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची कुरई पुलिस व वन अमला घटनाक्रम की जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि जिस समय बाघ ने चरवाहे पर हमला किया उस समय मौके पर मौजूद मवेशियों का झुंड बाघ की तरफ बढ़ा जिसके बाद बाघ भाग गया।
खवासा वन परिक्षेत्र अधिकारी घनश्याम चतुर्वेदी ने बताया कि कल शाम को खंडासा टोला निवासी रामा गौली जंगल में मवेशी चरा रहा था। उसी समय जंगल में मौजूद एक बाघ ने चरवाहे रामा गौली पर हमला कर दिया। जिसके कारण पीठ व पैरे में पंजा लगने से गहरे घाव हो गए हैं। जिसका उपचार किया जा रहा है। घायल चरवाहे के अनुसार जैसे ही बाघ ने हमला किया उसकी भैसें और अन्य मवेशियों ने बाघ की ओर दौड़ लगा दी। इससे बाघ पीछे हट गया और उसने भागकर अपनी जान बचा ली।