बयान पर बवाल : राहुल गांधी के समर्थन में अर्धनग्न होकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन, मंत्रियों के खिलाफ FIR की मांग

अनूपपुर |राहुल गांधी के प्रति समर्थन में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व मे युकां पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने आज एक अभूतपूर्व विरोध प्रदर्शन करते हुए अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरकर अपनी आवाज़ बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। यह अनोखा और अद्वितीय विरोध प्रदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राहुल गांधी के प्रति अटूट निष्ठा और मजबूत इरादों को दर्शाता है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दोनों मंत्रियों ने राहुल गांधी के खिलाफ भड़काऊ और अपमानजनक बयान दिए थे। उन्होंने 15 और 16 सितंबर 2024 को सार्वजनिक मंचों पर राहुल गांधी को “देश का सबसे बड़ा आतंकवादी” कहा था, जिससे देश भर में कांग्रेसजनों की भावनाएं आहत हुई हैं।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि इन मंत्रियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से देश में अशांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व श्याम कुमार (गुड्डु चौहान) ने किया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। उनके अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने का तरीका एक संदेश था कि राहुल गांधी का अपमान किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।