बड़ी खबर : यश भारत ब्रेकिंग, जनपद के बाहर बिना अनुमति धरना दे रहीं भाजपा समर्थित अध्यक्ष और सदस्यों को हटाया प्रशासन ने

कटनी। जनपद पंचायत कटनी के बाहर बिना अनुमति धरना दे रहीं जनपद अध्यक्ष गीता बाई एवं अन्य सदस्यों को जिला और पुलिस प्रशासन ने हटा दिया। इस दौरान उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जब कुछ ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने धरना दे रहे कुछ लोगों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। जिससे हंगामे की स्थिति बन गई हालांक प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए धरने को समाप्त करवाया।
मौके पर एसडीएम प्रदीप मिश्रा, तहसीलदार बी के मिश्रा ने धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों से बात करते हुए प्रदर्शन के लिए विधिवत अनुमति प्राप्त कर धरनास्थल पर ही अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कहा। विदित हो कि जनपद पंचायत कटनी के कतिपय अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जनपद अध्यक्ष गीता बाई एवं सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। कुछ दिन पहले कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग भी की गई थी लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किये जाने पर सोमवार को अध्यक्ष ने सदस्यों के साथ जनपद के बाहर धरना दे दिया था हालांकि धरना के लिए अनुमति भी मांगी गई थी लेकिन प्रशासन ने यह कहकर अनुमति देने से इनकार कर दिया था कि तहसील परिसर में किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। इसके बाद आज प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में धरना समाप्त करवा दिया।

