बड़ा हादसा : सरकारी स्कूल की जर्जर बाउंड्रीवाल गिरी, कक्षा पांचवी के छात्र की मौत

कटनी, यश भारत। कैमोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बम्हनगवां स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बॉउंड्री वॉल गिरने की वजह से 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की मौत हो गई। बताया जाता है कि रपटा स्थित एमपीईबी कार्यालय से लगी बस्ती में रहने वाला 10 वर्षीय छात्र रोज की तरह आज भी स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल परिसर के भीतर स्थित शौचालय के समीप की बॉउंड्री वॉल अचानक भरभरा कर गिर गई, जिससे मासूम छात्र इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद तत्काल एम्बुलेंस को कॉल किया गया। समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से उसे ऑटो में शासकीय चिकित्सालय विजयराघवगढ़ ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद एक बार फिर जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है।
बताया जाता है कि छात्र राजकुमार बर्मन के पिता नहीं थे। एक डेढ़ साल पहले ही टीबी की बीमारी ने उनकी जान ले ली थी। मां लोगों के घरों में काम करके और शाम को फुल्की चाट बेचकर अपने बच्चे की परवरिश कर रही थी।







