रामपुर बघेलान / सतना यश भारत।जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के पांच माह की गर्भवती मिलने का मामला सामने आया है। शुरुआती बयान में गैंगरेप का सनसनीखेज आरोप लगाने वाली किशोरी ने पुलिस जांच के दौरान अपनी बात बदलते हुए प्रेम संबंध की सच्चाई स्वीकार कर ली।
जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग महिला अपनी पोती को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने किशोरी की जांच की, जिसमें वह करीब पांच माह की गर्भवती पाई गई। इस खुलासे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गैंगरेप के आरोप से मचा हड़कंप
प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने दावा किया कि पिछले वर्ष दीपावली के आसपास स्कूल परिसर में एक शिक्षक और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। इस बयान के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आई सच्चाई
पुलिस ने जब गहराई से पड़ताल की और परिजनों व गांव के लोगों से पूछताछ की, तो कई विरोधाभासी तथ्य सामने आए। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने किशोरी से अलग से संवेदनशील तरीके से बातचीत की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि गैंगरेप की कहानी झूठी थी।
प्रेम संबंध छिपाने के लिए रची कहानी
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसका अपने ही गांव के एक नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। उसी के कहने पर उसने गैंगरेप की झूठी कहानी गढ़ी, ताकि सच्चाई छिपी रहे और मामला दूसरी दिशा में चला जाए।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग होने के कारण सभी प्रक्रियाएं संवेदनशीलता के साथ की जा रही हैं और कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।