
पिछले तीन दिनों से मौसम का कहर किसानों पर आफत बनकर टूट रहा है। अब किसान फिर परेशान होने लगा है। बारिश और ओले के कारण किसानों की फसल खराब हो गई है। अब ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के आधार पर किसानों को नुकसान की भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टरों को राजस्व, कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों का संयुक्त दल बनाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिन से प्रदेश में कई स्थानों पर ओलावृष्टि होने की सूचना प्राप्त हुई है। इससे गेहूं, चना, अरहर और सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सहायता पहुंचाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा है कि नुकसान के आकलन के आधार पर राजस्व परिपत्र पुस्तक और फसल बीमा के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ है।