सतना यश भारत /सिंहपुर।जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का दुखद अंत सामने आया है। अलग-अलग जाति होने के कारण परिजनों के विरोध से परेशान एक युवक और युवती ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंहपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव निवासी 18 वर्षीय अंजली पाल और 19 वर्षीय रामभजन गोड़ के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण उनके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
बताया गया है कि 29 मार्च की रात करीब 1:30 बजे अंजली घर से निकली, जिसके कुछ देर बाद रामभजन भी घर से निकल गया। सुबह जब दोनों अपने-अपने घरों में नहीं मिले तो परिजनों को शक हुआ और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान परिजन गांव के पास ठसरहा हार के जंगल पहुंचे, जहां एक नीम के पेड़ पर दोनों का शव एक ही फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना प्रभारी अजय अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का ही सामने आया है। परिजनों द्वारा किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में जातिगत बंधनों और पारिवारिक दबाव के कारण युवाओं के सामने आने वाली गंभीर समस्याओं को उजागर कर दिया है।