प्रदेश का बड़ा रोड हब बनाने की तैयारी: सागर- भोपाल यात्रा में लगेंगे अब सिर्फ ढाई घंटे

सागर |सागर-विदिशा लोकसभा क्षेत्र की सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी को पंख लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की लंबित परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय (द्वारका) में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में NHAI के सदस्य (प्रोजेक्ट्स) विपिनेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र की वर्तमान, प्रस्तावित और आगामी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
शहर को भारी यातायात और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए नए सागर बाइपास की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सागर रिंग रोड-1 तथा बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग के निर्माण को गति दी जाएगी। बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग को आगामी 6 से 8 महीनों के भीतर शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है।
सागर–भोपाल फोरलेन से घटेगी दूरी: बहुप्रतीक्षित सागर–भोपाल फोरलेन परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने पर सहमति बनी। सांसद डॉ. वानखेड़े ने बताया कि इस फोरलेन के बनने से सागर से भोपाल की यात्रा का समय घटकर मात्र ढाई घंटे रह जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्यापारिक व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सिरोंज, शमशाबाद, कुरवाई व बीना को सौगात
सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई क्षेत्रों में नई हाईवे कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही बीना रिंग रोड को लेकर भी अधिकारियों ने सकारात्मक रुख दिखाया है।
सागर बनेगा लॉजिस्टिक्स हब: सांसद ने नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के चेयरमैन आलोक दीपांकर से भी मुलाकात की। इस दौरान सागर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए इसे मध्य प्रदेश का बड़ा लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने की संभावनाओं पर मंथन हुआ।
”विकास कार्य कागजों तक सीमित न रहें, धरातल पर दिखें”
“सागर को मध्य प्रदेश का प्रमुख रोड व कनेक्टिविटी हब बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है। नियमित समीक्षा के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें। बेहतर सड़कों से बीना, सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई सहित पूरे क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी।”
— डॉ. लता वानखेड़े, सांसद (सागर)







