मध्य प्रदेशराज्य

पेंच टाइगर रिजर्व में जुगनी बाघिन 4 शावकों के साथ आई नजर : पर्यटक हुए रोमांचित

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी के प्रसिद्ध पेंच टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। सफारी पर निकले पर्यटकों के सामने जुगनी बाघिन 4 शावकों के साथ बेखौफ अंदाज में चहलकदमी करता नजर आई। खुले रास्ते पर शान से चलते जुगनी बाघिन व शावकों को देखकर पर्यटकों में उत्साह और रोमांच का माहौल बन गया। जिसका वीडियो सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पेंच नेशनल पार्क में मुख्य रूप से बाघों के दीदार के लिए पहुंचते हैं, वहीं सफारी के दौरान जैसे ही पर्यटकों की जिप्सी एक वन मार्ग से गुजर रही थी, उसी दौरान सामने से जुगनी बाघिन और उसके 4 शावक किसी भय के कदमताल करते कच्ची सड़क पार करते हुए जंगल की ओर बढ़ते नजर आए। इस दुर्लभ दृश्य ने पर्यटकों के सफारी अनुभव को और भी यादगार बना दिया।

पेंच नेशनल पार्क मध्यप्रदेश के सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में फैला हुआ है, जबकि इसका एक हिस्सा महाराष्ट्र के नागपुर जिले तक विस्तृत है। पेंच नदी के नाम पर बने इस राष्ट्रीय उद्यान को वर्ष 1975 में राष्ट्रीय उद्यान का दर्जा मिला था और बाद में इसे टाइगर रिजर्व घोषित किया गया। यह अभयारण्य घने जंगलों, हरे-भरे घास के मैदानों और पहाड़ियों के लिए जाना जाता है।

पेंच टाइगर रिजर्व को विश्वप्रसिद्ध लेखक रुडयार्ड किपलिंग की कृति “द जंगल बुक” से प्रेरित जंगल भी माना जाता है। यहां बाघ और तेंदुए के अलावा भालू, जंगली कुत्ता, चीतल, सांभर, नीलगाय, गौर जैसे अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। साथ ही यहां पक्षियों की 250 से अधिक प्रजातियां दर्ज की गई हैं, जो इसे पक्षी प्रेमियों के लिए भी आकर्षक बनाती हैं।

पर्यटन की दृष्टि से पेंच नेशनल पार्क का विशेष महत्व है। यहां जीप सफारी और हाथी सफारी के माध्यम से पर्यटकों को जंगल भ्रमण की सुविधा मिलती है। अक्टूबर से जून तक का समय भ्रमण के लिए उपयुक्त माना जाता है। पेंच टाइगर रिजर्व न केवल पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button