पुलिस की 15 टीमों की पारधियों के डेरे पर दबिश, एक आरोपी एवं 12 संदेही पुलिस हिरासत में, आरोपियों से 20 चाकू, छुरा, 190 फर्जी गोल्ड बिस्किट, 15 किलो गांजा, 26 बाइक बरामद, चार ड्रोन टीमों से रखी गई पैनी नजर

कटनी, यशभारत। जिले में पिछले कुछ दिनों से नेशनल हाईवे में हो रहे अपराधों में अंकुश लगाने तथा वारदातों को बेनकाब करने के लिए बीती रात कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा द्वारा गठित 15 टीमों ने पारधियों की डेरो में दबिश दी। कटनी पुलिस के 215 पुलिस जवानों ने चारों ओर से पारधी क्षेत्र की घेराबंदी की। क्षेत्र में हर गतिविधि पर ड्रोन की चार टीमों द्वारा सतत निगरानी रखी गई। थाना प्रभारियों सहित गठित टीमों ने पारदी क्षेत्र ग्राम हरदुआ, खिरहनी, बहिरघटा, चपना, दरोड़ी, धौरा, छिदिया टोला, हीरापुर में एक साथ दबिश दी, जिससे क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। कार्यवाही के दौरान 1 आरोपी एवं 12 संदेहियों को पुलिस हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से अपराधों में प्रयुक्त होने वाली 20 नग धारदार चाकू, छुरा, लूट एवं ठगी में प्रयोग किया जाने वाला 190 फर्जी गोल्ड बिस्किट, 15 किलो अवैध गांजा एवं 26 लग्जरी रेसर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अभियान में कटनी पुलिस की सतर्कता, सक्रियता एवं पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन सराहनीय रहा। जिसमे पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी विजयराघवगढ विरेन्द्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आंकाक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी अजय सिंह, माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, रंगनाथनगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव, एनकेजे थाना प्रभारी अनिल यादव, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी रितेश शर्मा, बरही थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव, बड़वारा थाना प्रभारी के के पटेल, कैमोर थाना प्रभारी अरविंद चौबे, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, निरीक्षक अनूप सिंह, निरीक्षक आशीष शर्मा, निरीक्षक मोहिनी परस्ते, शहर के चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केन्द्र की टीमो की सराहनीय भूमिका रही।
लगातार वारदातों के बाद सक्रिय हुई पुलिस
रात्रि के समय कटनी शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नेशनल हाईवे पर राहगीरो को शांति व सुविधा का वातावरण देने हेतु कटनी पुलिस द्वारा बीती रात एक विशेष अभियान चलाया गया। हाल ही में प्राप्त शिकायतों के अनुसारए कुछ आपराधिक तत्व एनएच-30 पर आने-जाने वाले से यात्रियों से लूटपाट, विवाद एवं अभद्रता कर रहे थे। साथ हीए रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले असामाजिक तत्वों द्वारा आपसी झगड़ाए अवैध गतिविधियाँ और शांति व्यवस्था में खलल जैसी घटनाएं सामने आ रही थीं। इन गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।







