जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

पिता की क्रूरता:पत्नी ने साथ चलने से मना किया तो पांच साल की बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाई, मौत

शहर के शिवपुरी स्थित बड़ौदी में पत्नी के साथ चलने से इनकार करने पर शराबी पति ने ससुराल में अपनी ही पांच साल की बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी बेटी की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई है।

पुलिस ने प्रारंभ में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब हत्या की धारा का इजाफा करेगी। जानकारी के मुताबिक मनोज जाटव निवासी भटौआ अपनी पत्नी सीता जाटव और बेटी नैना जाटव (5) को लेने के लिए 5 जुलाई को ससुराल बड़ौदी आया था।

आपसी मनमुटाव के चलते पत्नी सीता जाटव ने साथ चलने से इनकार कर दिया। इसी बात से मनोज जाटव नाराज हो गया और मंगलवार शाम 5:30 बजे शराब के नशे में अपनी बेटी नैना जाटव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से झुलसी नैना को जिला अस्पताल शिवपुरी लाया गया। यहां से जीएमसी शिवपुरी और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर में 6 जुलाई की शाम 6 बजे नैना जाटव की मौत हो गई है।

पत्नी ने पुलिस को बताई घटना

जीएमसी हॉस्पिटल से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली टीआई सुनील खेमरिया मौके पर पहुंचे। मां सीता जाटव ने बताया कि ससुराल चलने से मना करने पर पति मनोज जाटव ने शराब के नशे में बेटी नैना जाटव पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है।

पुलिस ने हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपी पिता मनोज जाटव को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। लेकिन बुधवार शाम को बेटी की मौत हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button