सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सागर जिला संगठन में अनुशासनहीनता को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला कार्यालय मंत्री देवेंद्र कटारे को पार्टी की रीति-नीति के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है। संगठन विरोधी कदमों के चलते देवेंद्र कटारे अब सीधे तौर पर घिर गए हैं और उनसे एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों जिला कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद से ही देवेंद्र कटारे द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार ऐसी सामग्री साझा की जा रही थी जिसे पार्टी ने आपत्तिजनक और संगठन की मर्यादा के खिलाफ माना है। पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि इन गतिविधियों से भारतीय जनता पार्टी की छवि जनता के बीच धूमिल हो रही है। इस मामले को प्रदेश नेतृत्व ने भी गंभीरता से लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर हुई कार्रवाई
देवेंद्र कटारे की उक्त हरकत पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जारी किए गए नोटिस के संबंध में यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा उक्त मामले का संज्ञान लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से निर्देश प्राप्त हुए थे। उन्हीं निर्देशों के पालन में कार्यालय मंत्री को अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया है। संगठन के भीतर इस तरह की अनुशासनहीनता को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने देवेंद्र कटारे को चेतावनी दी है कि वे पत्र प्राप्ति के एक सप्ताह के भीतर अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनहीनता की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस नोटिस की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर और प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन को भी प्रेषित की गई है।
Back to top button