सतना।रामवन पथ गमन हाईवे पर तिघरा मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और कंटेनर के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरे और कंटेनर पलट गया।
हादसे के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो कंटेनर के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कंटेनर में अमानवीय तरीके से दर्जनों भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। दम घुटने और चोट लगने से कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस दुर्घटना ने जिले में लंबे समय से चल रही अवैध पशु तस्करी के काले कारोबार की पोल खोल दी है। पुलिस और प्रशासन द्वारा सख्ती के तमाम दावों के बावजूद तस्कर बेखौफ होकर हाईवे के जरिए पशुओं की तस्करी कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचकर मामले को दबाने और जीवित मवेशियों को हटाने की कोशिश करते नजर आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल घायल मवेशियों को पशु चिकित्सकों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया है और मृत पशुओं को सड़क से हटाया गया। पुलिस कंटेनर चालक और ट्रक चालक की तलाश कर रही है, वहीं यह भी जांच की जा रही है कि पशुओं को कहां से और कहां ले जाया जा रहा था।
यह हादसा न सिर्फ एक सड़क दुर्घटना है, बल्कि सिस्टम की लापरवाही और पशु तस्करी के संगठित नेटवर्क पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
Back to top button