
तेलंगाना की एक महिला ने पति की मौत के 11 महीने बाद बच्चे को जन्म दिया है। इसके लिए महिला ने IVF तकनीक का सहारा लिया। तेलंगाना के मंचेरियल की रहने वाली 32 साल की महिला मां नहीं बन पा रही थी। ऐसे में उसने अपने पति के साथ मिलकर IVF के जरिए बच्चा पैदा करने की सोची थी। लेकिन इसी बीच कोविड की दूसरी लहर में महिला के पति की मौत हो गई।
अपने पति की आखिरी ख़्वाहिश पूरी करने के लिए महिला ने उसकी मौत के बाद भी मां बनने का फैसला किया। IVF की प्रक्रिया महिला के पति की मौत से पहले ही शुरू हो गई थी। उसने जमे हुए स्पर्म के सहारे गर्भ धारण किया।
नहीं मान रहे थे डॉक्टर
अप्रैल 2020 में महिला के 34 साल की पति की मौत हो गई थी। जिसके कुछ महीने बाद महिला ने अपने डॉक्टर से संपर्क किया और IVF के प्रॉसेस को शुरू करने को कहा। लेकिन डॉक्टरों ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि इसके लिए पति और पत्नी दोनों की सहमति जरूरी है। ऐसे में महिला ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मात्र एक सप्ताह में महिला के पक्ष में फैसला सुनाया। जिसके बाद डॉक्टरों ने एक बार फिर IVF प्रॉसेस को शुरू किया। जिसके बाद महिला कंसीव कर पाई और अब उसने एक लड़के को जन्म दिया है।