देश

नया एसओआर लागू : कांक्रीट की सड़क पर अब नहीं बनेंगी नई सड़कें, पहले होगी सड़क की खुदाई, फिर नए सिरे से बनेंगी कांक्रीट की सड़कें

सड़क का लेवल ऊपर, घर के बेसमेंट के लेवल नीचे होने की समस्या से मिलेगी निजात

कटनी, यशभारत। अब कांक्रीट की सड़कों के ऊपर सड़कें नहीं बनाई जाएंगी। पहले खुदाई होगी, इसके बाद उसके ऊपर नए सिरे से कांक्रीट की सड़कें बनाई जाएंगी। इतना ही नहीं, पुराने रोड के 40 फीसदी मलबे को नई सड़क बनाने के लिए रॉ मटेरियल रूप में उपयोग किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इसे अब अपने एसओआर में शामिल कर लिया है। इससे शहर में जगह जगह मलबे का डर नहीं दिखाई देगा और सड़कों की लागत भी कम की जा सकेगी।

सूत्रों के मुताबिक नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग के इस निर्णय से लाखों मकान मालिकों को राहत मिलेगी। आम तौर पर शहरों में कांक्रीट की सड़कें उखड़ने के बाद निकाय उसी के ऊपर दोबारा कांक्रीट की सड़कें बना देते हैं।

सड़कों के साथ नाली का प्रावधान, अंडर ग्राउंड बनेगी

सड़कों के साथ नाली का भी प्रवधान होगा। नालियां अंडर ग्राउंड होंगी, जिससे बारिश का पानी नाली के जरिए नाले तक पहुंच सके। नालियों का भी चैनलाइजेशन किया जाएगा। जहां तराई क्षेत्र है, वहां गहरी और चौड़ी नालियां बनाई जाएंगी, जिससे जल्द पानी निकल सके। जहां पर दो सड़कें आपस में मिलती है, वहां पर पुल-पुलिया का प्रावधान होगा। जिससे बिना रूके पानी नाले से होकर बाहर निकाल जाए। बारिश से पहले इनकी सफाई का भी काम निकायों को करना जरूरी होगा।

घरों के लेवल से ऊंची होती जा रही सड़कें

कटनी में साल दर साल सड़कों की ऊंचाई बढ़ने से घर की सतह नीची होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस तरह की सबसे ज्यादा समस्या चांडक चौक से घंटाघर सड़क, मिशन चौक से आजाद चौक और अन्य इलाकों में आई हैं। नगर निगम ने कुछ स्थानों पर डामर की सड़क पर कांक्रीट की रोड बना दी, इससे कई घरों की सतह नीचे हो गई। बारिश में अब घरों में पानी भरने की नौबत है। सूत्र बताते हैं कि सड़क अगर ज्यादा खराब नहीं है, तो हल्की सी खुदाई कर ऊपर की परत निकाली जाएगी। फिर उसके ऊपर डामर की सड़क बनाई जाएगी। इस तरह की सड़कें उन क्षेत्रों में बनाई जाएंगी, जहां पानी का भराव नहीं होता है। जहां पानी का भराव होता है, वहां कांक्रीट की सड़कें बनेंगी। नगर निगम से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि नए निर्देशों के मुताबिक रोड के ऊपर रोड नहीं बनाई जाएगी पहले उसकी खुदाई होगी, इसके बाद नए सिरे से रोड बनेगी। इस संबंध में सभी निकायों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। रोड बनाते समय लोगों के घरों का लेवल भी देखा जाएगा, इसके बाद रोड की ऊंचाई तय की जाएगी।

IMG 20251126 WA0553 IMG 20251126 WA0554

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button