
मध्यप्रदेश में नगर सरकार चुने जाने के लिए आज दूसरे चरण में 43 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। आगर नगर पालिका के वार्ड 5 से भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक भिड़ गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। दमोह के हटा में चुनाव ड्यूटी के दौरान ASP को SI सोता मिला। SI कार में झपकी ले रहा था। ASP ने SI को फटकार लगाते हुए कार के टायरों की हवा निकलवा दी। मुरैना में बसपा की महापौर प्रत्याशी को पुलिस ने खदेड़ दिया। वह अपने पक्ष में मतदान कराना चाह रही थीं। टीकमगढ़ में मतदान के दौरान भाजपा विधायक राकेश गिरी और कांग्रेस के पूर्व मंत्री यादवेंद्र सिंह बुंदेला के बीच झड़प हो गई।
5 नगर निगम- रतलाम, मुरैना, देवास, रीवा और कटनी में वोट डाले जा रहे हैं। 40 नगर पालिका परिषद और 169 नगर परिषदों में भी मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। कुल 214 निकायों के लिए 6 हजार 829 पोलिंग बूथ पर वोट डाले जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 6 जुलाई को हो चुका है। देवास में बारिश के बीच लोग छाते और रेनकोट पहनकर वोटिंग करने पहुंच रहे हैं। रतलाम में भी सुबह बारिश ने मतदान प्रभावित किया। शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने वार्ड 38 में मतदान किया।