तेंदुए ने बकरी का किया शिकार बचाने गए चरवाहे पर किया हमला, बरही के उबरा गांव की घटना, बस्ती के समीप दिखा बाघ, किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल

कटनी/बरही, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के उबरा गांव में बकरी चराने गए एक चरवाहे पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया, जिसे वन विभाग की टीम ने बरही अस्पताल में भर्ती कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय सुदामा कोल पिता बैसाखू कोल बुधवार की दोपहर 2 बजे खेतों की ओर बकरी चराने गया था। राजू बागरी के खेत के पास गढी के समीप बकरी चरा रहा था, तभी झांडिय़ों से निकलकर तेंदुए ने बकरी का शिकार किया। बकरी की चीख़-पुकार सुनकर चरवाहा बचाने गया। इस दौरान तेंदुआ ने उस पर भी हमला कर घायल कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि चरवाहा ने जब शोर शराबा किया तो लोगों ने उसकी जान बचाई, वहीं तेंदुआ झाडिय़ों में जाकर छिप गया। घटना की सूचना पर विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र से वन विभाग की टीम रेंजर ओम प्रकाश भलावी, डिप्टी रेंजर रमेश कुमार काछी, राकेश तिवारी, दुर्गा प्रसाद दुबे, दीपक यादव ने मौके पर पहुंचकर घायल को बरही अस्पताल में भर्ती कराया है हालांकि इस दौरान चरवाहे को मामूली चोटे आई हैं जिसे जिसका उपचार जारी है। वहीं घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई है मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने जागरूक किया है।







