कटनीमध्य प्रदेश

ताकि…10 प्रतिशत मामले रहें लंबित, साल भर में दर्ज अपराधों के खात्मे में जुटी पुलिस, मामलों के निराकरण के साथ न्यायालय में पेश किए जा रहे चालान

कटनी, यशभारत। साल 2025 समाप्त होने में अब केवल 10 दिनों का समय शेष रह गया है, ऐसे में जिले की पुलिस साल भर में दर्ज अपराधों के निकाल में जुट गई है। थानों में स्टाफ लंबित मामलों के खात्मे में लगा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने पिछले दिनों बैठक लेकर थाना एवं चौकी प्रभारियों को भी लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देशन में जिले के एक दर्जन से अधिक थानों एवं आधा दर्जन से अधिक पुलिस चौकियों में लंबित मामलों को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शहर की बात करें तो कोतवाली, कुठला, माधवनगर, रंगनाथ नगर, एनकेजे, महिला एवं अजाक थाने में दर्ज मामलों की जांच पूरी करने के साथ ही न्यायालय में चालान पेश किया जा रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया द्वारा सभी थानों में जाकर मामलों की जांच पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे साल के अंत तक कम से कम मामले लंबित रहें। उन्होंने कोतवाली थाने में थाना प्रभारी एवं स्टाफ के साथ लंबित मामलों के निराकरण के लिए सुबह से शाम तक मशक्कत की। इसी तरह अन्य थानों में भी मामलों के निराकरण की तरफ ध्यान दिया जा रहा है।
आज शहर के थानों में एक भी एफआईआर नहीं
पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा दिए जाने वाले दैनिक अपराध प्रतिवेदन (डीएसआर) में आज शहर के सभी थानों में एक भी एफआईआर दर्ज नहीं है। स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, उमरियापान, विजराघवगढ़ और बरही में केवल एक-एक मामले दर्ज है। तीन मर्ग के साथ ही लघु अधिनियम के तहत जिले के सभी थानों की पुलिस ने कार्रवाई की है।
सीएसपी ने थानों में जाकर खुद कराया मामलों का निराकरण
सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने अपने सुपरवीजन में आने वाले थानों में पहुंचकर मामलों का निराकरण करवाया। उन्होंने थाना प्रभारियों एवं स्टाफ की मौजूदगी में लंबित अपराधों की समीक्षा की। मर्ग केस की जांच पूरी करवाई और जिन मामलों की जांच पूरी हो चुकी है, उनके चालान न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली टीआई राखी पांडे सहित स्टाफ की मौजूदगी रही।
एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि लंबित अपराधों एवं शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विवेचनाओं में तेजी लाने, अपराधियों की गिरफ्तारी शीघ्र करने एवं न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्ण रूप से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।02 21

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button