मध्य प्रदेशराज्य

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत : पुलिस जांच में जुटी

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकार रेलवे स्टेशन के समीप एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कट्टीखमारा निवासी आसाराम पिता अयोध्या प्रसाद मरावी (उम्र लगभग 32 वर्ष) शिकारा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहा था। इसी दौरान वह मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि आसाराम लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित था और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया, जहां यह हादसा हो गया।

घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा घंसौर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

हादसे के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ट्रेन की पटरी पर किस परिस्थिति में पहुंचा और हादसा दुर्घटनावश हुआ या किसी अन्य कारण से।

इस संबंध में घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झरिया ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि शिकार रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button