कटनी

टे्रन में खपा रहे प्रतिबंधित ब्रांड का पानी, पुणे-दरभंगा एक्सप्रेस में रेल अफसरों ने की कार्रवाई, 5 पेटी अनअप्रूव्ड पानी जब्त

कटनी, यशभारत। कटनी रेलवे स्टेशन गुणवत्ता विहीन पानी खपाने का एक बड़ा केंद्र बन गया है। कटनी रेलवे स्टेशन से विभिन्न गाडिय़ों में अमानक पानी की बोतले ट्रेनों में चढ़ाई जा रही है। इसके अलावा स्टेशन परिसर के अंदर भी बिना रोक टोक गुणवत्ता विहीन पानी बेचा जा रहा है। रेल यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खुलेआम इस खिलवाड़ पर अंकुश लगाने के लिए कई बार कार्यवाही भी हुई मगर अभी तक इसके ठोस परिणाम देखने को नहीं मिले। यात्रियों के स्वास्थ्य और रेलवे मानकों को प्राथमिकता देते हुए कल रेलवे कमर्शियल डिपार्टमेंट ने पुणे से दरभंगा जा रही पुणे-दरभंगा एक्सप्रेस में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रेन में अवैध रूप से ले जाया जा रहा अमानक स्तर का पेयजल बरामद किया गया, जिसे कटनी स्टेशन पर उतरवाकर विभाग ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। कमर्शियल विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि ट्रेन में रेलवे द्वारा प्रतिबंधित ब्रांड का पानी खपाने की कोशिश की जा रही है। जैसे ही ट्रेन कटनी स्टेशन के प्लेटफार्म पर रुकी। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सघन चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान 5 पेटी अनअप्रूव्ड अमानक पानी की बोतलें पाई गईं, चंूकि यह ब्रांड रेलवे की अधिकृत सूची में शामिल नहीं था, इसलिए विभाग ने तत्काल कार्यवाही करते हुए पानी की पेटियों को जब्त कर लिया।
नियमों का उल्ंलघन पड़ेगा भारी
वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना रेलवे की जिम्मेदारी है। नियमों के विरुद्ध जाकर अनअप्रूव्ड पानी बेचने वाले वेंडरों और संबंधितों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह की औचक चैकिंग जारी रहेगी, ताकि यात्रियों के हितों की रक्षा की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button