जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री वीए सिद्दीकी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप, जबलपुर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने आज कटनी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लोकायुक्त ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री व्ही ए सिद्दीकी को 20 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त की रेड से पूरे जिले में हडक़म्प मच गया है। बताया जाता है कि जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री व्ही ए सिद्दीकी द्वारा किसी काम के सिलसिले में 50 हजार रूपए की मांग की जा रही थी। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई थी, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि कार्यपालन यंत्री द्वारा कुछ योजनाओं में अनुमति और कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप ऑपरेशन जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई। इसी के तहत जब सिद्दीकी ने निर्धारित राशि 20 हजार रुपये ली तो लोकायुक्त टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पकड़ी गई रकम भी जब्त कर ली गई है और सिद्दीकी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जारी अभियान का एक और उदाहरण हैए जिससे स्पष्ट संदेश जाता है कि सरकारी सेवाओं में किसी भी स्तर पर रिश्वत और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जबलपुर में पिछले कुछ महीनों में लोकायुक्त टीम ने कई अन्य मामलों में भी सरकारी कर्मचारियों को रंगे हाथ ट्रैप किया हैए जिससे भ्रष्टाचार रोधी तंत्र की सक्रियता और जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की प्रतिबद्धता सामने आ रही है।








