जबलपुर में 4141 और 1889 गुटों में गैंगवार: युवक को घसीट-घसीट कर अधमरा किया, जला दी बाइक
एक दिन पहले 1889 गुट ने किया था हमला, जिसका दूसरे गुट ने लिया बदला

जबलपुर, यशभारत। भेड़ाघाट के घुंसौर में 4141 और 1889 गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें 4141 गुट के गुर्गों ने युवक के घर पहुंचकर पहले तो गालीगलौच की और फिर घर से घसीटते हुए बाहर ले जाकर, चार आरोपियों ने मिलकर घसीट-घसीट कर मारा। इतना ही नहीं जब आरोपियों का इतने से मन नहीं भरा तो उन्होंने युवक की स्पलेंडर बाइक भी आग के हवाले कर दी और युवक को मरणासन्न छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर, जांच में लिया है।
भेड़ाघाट पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में दो गुट 4141 और 1889 सक्रिय है। जिनमें गैंगवार हुई है। पीडि़त युवक निखिल यादव पिता दीनदयाल यादव 22 साल ग्राम घुंसौर थाना तिलवारा का निवासी है। दरमियानी रात को
4141 गुट के संजू उर्फ संजय अहिरवार, भोला , तनिश और जय कुमार चारों ने पहले तो युवक से मारपीट की और फिर बाइक को आग के हवाले कर दिया।
1889 गुट ने पहले किया था हमला
पुलिस ने बताया कि घटना के एक दिन पहले 1889 गुट के गुर्गों ने 4141 गुट पर सीधा हमला किया था। जिसका बदला लेने के लिए दूसरे गुट को मौका मिल गया और गैंगवार करते हुए, युवक से जमकर मारपीट कर दी।
यूट्यूब, वीडियो देखकर बना रहे गंैंंग
क्षेत्र में दबंगई दिखाने और रौब झाडऩे के लिए युवा यूट्यूब और वीडियो देखकर गैंग बना रहे है। इतना ही नहीं गैंग गठित कर बकायदा नामकरण होता है और उसकी पार्टियां भी दी जाती हैं। बताया जाता है कि उज्जैन गैंगवार में मारे गए एक युवक को गैंग के सदस्य अपना आदर्श मानते है। इतना ही नहीं आरोपी गैंग के कार्य भी बेखौफ होकर संचालित करते है और किसी से झगड़ा होने पर तत्काल एकजुट होकर कूंद पड़ते है। यदि इन गैंगों को यही नहीं रोका गया तो आने वाली स्थिति भयावह हो सकती है।







