जबलपुर के सदर में युवक की हत्या : दारुभट्टी के पास अधमरा कर, छोड़कर भागा आरोपी
क्षेत्र में दहशत, साथी ने विक्टोरिया में कराया था भर्ती, पुलिस जांच जारी

जबलपुर, यशभारत। केंट के दारुभट्टी में युवक की जघन्य हत्या से सनसनी मच गयी। युवक घर से जाने के लिए गोराबाजार की तरफ निकला, तभी उसका विवाद क्षेत्र के ही रहने वाले एक युवक से हो गया। दोनों के बीच कहासुनी हुई इसके बाद दूसरे युवक ने लाठियों से दनादन कई वार कर अधमरा कर दिया और उसे छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी जब मृतक युवक के दोस्तों तक पहुंची तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सोहिल सोनी पिता पप्पू सोनी 32 साल, सदर का निवासी है। जो आर्मी कैंटीन में दैनिक वेतन भोगी के रूप में काम करता था। कल रात में वह कहीं जाने के लिए घर से निकला था। सोहिल मोबाइल फ ोन नहीं रखता था। शनिवार की सुबह वह घायल अवस्था में दोस्तों को मिला। जिसमें उसने बताया कि विशेष प्रजापति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद विशेष ने उसके साथ लाठियों से मारपीट कर दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
गोराबाजार पुलिस के अनुसार युवक को उसके साथी विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसे हाथ, पैर और सिर और कंधे में गंभीर चोटें थी। जिसे तत्काल भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज किया, परंतु गंभीर चोटें होने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।