जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभा यात्रा कृष्णमय संस्कारधानी

जबलपुर यश भारत। कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शनिवार को पुराना मोटर स्टैंड से श्री सनातन धर्म महासभा यादव महासभा के संयुक्त तत्वाधान में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की अगुवाई नरसिंह पीठाधीश्वर जगतगुरु नरसिंहदेवाचार्य जगद्गुरु अखिलेश्वरानंद जी महाराज स्वामी बाल गोविंदाचार्य जी महाराज एवं अन्य संत महात्माओं ने की। शोभा यात्रा मार्ग पर विभिन्न संगठनों के द्वारा भगवान कृष्ण का पूजनअर्चन और शोभा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत अभिनंदन मंच के माध्यम से किया गया। शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए शोभायात्रा भानतलैया पहुंची जहां परंपराओं के अनुसार शोभायात्रा का विधिवत समापन हुआ।

दो दर्जन से ज्यादा झांकियां और अखाड़े रहे शामिल
शोभा यात्रा में श्री सनातन धर्म महासभा अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा एवं शहर के विभिन्न कृष्ण मंदिरों की झांकियां सम्मिलित रही। इन झांकियां के माध्यम से श्री भगवान कृष्ण की विभिन्न लीलाओं को प्रदर्शित किया गया था इसके अलावा शोभायात्रा में शहर के अखाड़ों ने भी सहभागिता की और प्रदर्शन भी किया। ढोल धमाल बैंड के बीच निकली यह शोभा यात्रा जिन मार्गो से भी गुजरी वहां का वातावरण धर्ममय हो गया।
इन संगठनों ने किया स्वागत
शोभायात्रा मार्ग पर शहर के विभिन्न राजनीतिक दल धार्मिक सामाजिक संगठनों के द्वारा मंच लगाये गये थे और मंच के माध्यम से पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत भी किया गया। जिन संगठनों के द्वारा मंच लगाए गए थे उनमें प्रमुख रूप से समरसता सेवा संगठन यादव महासभा के अलावा भाजपा कांग्रेस द्वारा भी मंच लगाये गये थे। इसके अलावा अलग-अलग स्थान पर भी व्यापारिक संगठनों धार्मिक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
उनकी उपस्थिति रही उल्लेखनीय
शोभा यात्रा में संत महात्माओं के साथ ही श्री सनातन धर्म महासभा यादव महासभा के अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सांसद आशीष दुबे विधायक अभिलाष पांडे विधायक लखन घनघोरिया महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू पूर्व मंत्री शरद जैन पूर्व विधायक विनय सक्सेना पूर्व विधायक संजय यादव नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा अखिल भारतवर्ष यादव महासभा के प्रदेशअध्यक्ष भारत सिंह यादव शिव यादव संदीप जैन विनीता यादव श्रीमती प्रभा यादव चंदनसिंह यादव मनोज यादव जितेंद्र यादव मनोज नामदेव सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और श्रद्धालु महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल रहे।
कृष्णमंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रमों की धूम
जन्माष्टमी के मौके पर शहर के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिरों के साथ ही शहर एवं उपनगरीय क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में आकर्षक साज सज्जा की गई। मंदिरों में पूजन अर्चन और दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार नजर आने लगी थी। मंदिरों में मुहूर्त के अनुसार कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इसके अलावा कृष्ण भक्तों ने घर-घर में भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया।







