सतना/मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी जंगल में उस समय हड़कंप मच गया, जब लकड़ी काटने गई महिलाओं के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिलाएं रोज़मर्रा की तरह जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वन विभाग का अधिकारी बताते हुए महिलाओं को लकड़ी न काटने की धमकी देने लगे। आरोप है कि युवकों ने डराने-धमकाने के बाद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और उनके कान, नाक एवं गले में पहने जेवरात लूट लिए।
घटना के बाद महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस द्वारा दोनों से पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।