रीवा lछिंदवाड़ा में हुई बच्चों की मौत ने सब को हिलाकर रख दिया हैं. प्रदेश सरकार ने ‘कोल्डरिफ कफ सिरप’ सहित सम्बंधित कम्पनियों की अन्य दवाइयों को भी मध्य प्रदेश में बैन कर दिया है. घटना के बाद से प्रदेश सरकार सख्त है. सीएम मोहन यादव के निर्देश पर स्वास्थ महकमा अलर्ट मोड पर है. मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला का कहना है कि प्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार को दवा फैक्ट्री और मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा हैl
‘सिरप में मिली डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा’
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने घटना में बच्चों की मौत पर दुख जताया है. राजेंद्र शुक्ला ने कहा, “1 अक्टूबर को ही कोल्डरिफ कफ सिरप की जांच कराने के लिए तमिलनाडु सरकार से बात की गई थी. बीते शुक्रवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में बताया गया कि सिरप में 40 प्रतिशत से ज्यादा 48 प्रतिशत डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा थी. रिपोर्ट आने के बाद तुरंत कफ सिरप के साथ ही अन्य दवाओं को बैन कर दिया गया है.”
मध्य प्रदेश सरकार सख्त
राजेंद्र शुक्ला ने आगे कहा कि “तमिलनाडु सरकार को कहा गया है कि सिरफ फैक्ट्री और उसके मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. जांच रिपोर्ट आने के पहले ही कोल्डरिफ कफ सिरप के थोक विक्रेता के यहां कार्रवाई करते हुए दवा की बिक्री पर रोक लगाई गई थी. इसके आलावा पानी का सैम्पल भी जांच के लिए लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट शनिवार की रात तक आने की संभावना है.”
उपमुख्यमंत्री शुक्ला ने बताया कि “केंद्र सरकार की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई है कि कोई भी कफ सिरप 2 साल से कम उम्र के बच्चों को बिलकुल न दें. इसके अलावा 5 साल से कम उम्र के बच्चों को जब तक कोई विशेषज्ञ या डॉक्टर सलाह न दें तब तक उन्हें भी कफ सिरप बिल्कुल न दें.” राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि “कोल्डरिफ कफ सिरप गवर्नमेंट के अंतर्गत सप्लाई नहीं हुई थी. स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट किया गया है. उन्हें मेडिकल स्टोर में उपलब्ध कफ सिरप की जांच के निर्देश दिए गए हैं.”
राजेंद्र शुक्ला ने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत पर दुख जताते हुए कहा, “यह घटना अत्यंत दुखद है. सीएम मोहन यादव ने इसमें संज्ञान लिया है. फैक्ट्री मालिक और अन्य दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तमिलनाडु सरकार कार्रवाई करेगी. इसके अलावा जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा उसपर भी कड़ी कार्रवाई करने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी.” जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों की मौत के लिए सिरप को जिम्मेदार माना है और कार्रवाई की बात की हैl
Back to top button