चंद मिनटों में देखने मिली रिश्तों की गर्मजोशी, भोपाल जाते कटनी में रुके केंद्रीय मंत्री शिवराज, मुड़वारा स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

कटनी, यशभारत। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल रात्रि सतना से भोपाल जाते समय अल्प समय के लिए कटनी के मुड़वारा स्टेशन पर रुके। रेवांचल एक्सप्रेस जैसे ही कटनी पहुंची, बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। शिवराज ट्रेन से बाहर निकले और बड़ी आत्मीयता के साथ लोगों से मिले। उन्होंने नेताओं से कुशलक्षेम पूछी और पूरी सक्रियता के लिए पार्टी और राष्ट्र निर्माण के लिए जुटे रहने को कहा।
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चल रही चर्चाओं के केंद्र में इन दिनों शिवराज सिंह बने हुए हैं। कल वे सपत्नीक सतना के प्रवास पर थे। वहां के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे रेवांचल एक्सप्रेस से मुड़वारा स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के प्लेटफार्म पर लगते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी पुरजोर अगवानी की और पुष्प मालाओं से उनका स्वागत किया। शिवराज का कटनी से बेहद लगाव रहा है। जब वे प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री रहे तब हर खास मौके पर कटनी आए और विकास कार्यों की ढेरों सौगातें उन्होंने दी। यहां के राजनेताओं से भी उनके मधुर संबंध हैं। उसी आत्मीयता की बानगी कल रेलवे स्टेशन पर देखने मिली। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, विधायक धीरेन्द्र सिंह, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा सोगानी, कैलाश जैन, जिला पंचायत सदस्य कविता राय, पंकज राय, जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, विक्रम खंपरिया, रौनक खंडेलवाल, अखिल पांडे, मृदुल मिश्रा, पप्पा मिश्रा, आशीष गुप्ता समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









