जबलपुरमध्य प्रदेश

गोटेगांव के रामनिवारी में जैन मंदिर में बड़ी चोरी: लाखों के जेवरात, मूर्तियां और नगदी पार; पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

जबलपुर यश भारत।  नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम रामनिवारी में मंगलवार और बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने स्थानीय जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए वहां रखी लाखों रुपये की बेशकीमती सामग्री और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और वहां के ताले टूटे हुए देखे। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के जैन समाज और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने पूरी योजना के साथ मंदिर के चार ताले तोड़े और भीतर प्रवेश किया। मंदिर के गर्भगृह से चोरों ने 11 छत्र, 2 सिंहासन और भगवान की 2 प्राचीन मूर्तियां चोरी कर लीं। इतना ही नहीं, दानपेटी में रखे लगभग 50 हजार रुपये नगद भी चोर लेकर रफूचक्कर हो गए। शातिराना अंदाज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोर मंदिर के तीन टूटे हुए ताले भी अपने साथ ले गए। चोरी गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 6 से 7 लाख रुपये के करीब आंकी जा रही है।

जैसे ही चोरी की खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, इस गंभीर मामले में पुलिस की संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी लेने के लिए जब गोटेगांव थाना प्रभारी प्रदीप सराफ को बार-बार फोन लगाया गया, तो उन्होंने हमेशा की तरह फोन रिसीव करना जरूरी नहीं समझा। पुलिस की इस बेरुखी और बढ़ती चोरियों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। फिलहाल, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button