मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के पति पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें उसने अपने दोस्तों की मदद ली। उसके दोस्तों ने गर्लफ्रेंड के पति के हाथ-पैर पकड़े। इसके बाद उसका गला ब्लेड से काट दिया। प्रेमिका का पति जैसे-तैसे छूटकर घर पहुंचा। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना रविवार रात को कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहनिवास गांव की है। आरोपी युवक की रिश्तेदारी खरई जालिम गांव में थीं। इसके चलते वह अक्सर गांव में आता-जाता था। इस दौरान उसकी जान-पहचान वहां की एक युवती से हो गई। युवक को उससे प्यार हो गया। युवती के परिजनों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने युवती की शादी कही और तय कर दी। इसके बाद भी युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
जालिम गांव की रहने वाली युवती की शादी 2 साल पहले श्योपुर के किंजरी गांव के युवक से हुई थी। शादी के बाद युवती और उसका पति शिवपुरी के मनियार में किराए का घर लेकर रह रहे थे। पति प्राइवेट जॉब करता था।
प्रेमिका को पाने की हसरत, पति से दोस्ती की…
शादी के बाद सिरफिरे ने युवती का प्यार पाने के लिए हर हथकंडा अपनाया। इसके लिए सबसे पहले उसने प्रेमिका के पति से दोस्ती की। धीरे-धीरे मेलजोल बढ़ाना शुरू कर दिया। लगभग एक साल तक कोशिश करने के बाद भी वह प्रेमिका को पा नहीं सका।

फिर रास्ते से हटाने की साजिश रची
आरोपी बॉयफ्रेंड ने प्रेमिका को पाने की आखिरी कोशिश की, उसने प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसमें अपने दोस्तों की मदद ली। रविवार को उसने प्रेमिका के पति को अपने पास बुलाया और अपने दोस्तों के साथ अकेले में ले गया और कहा कि तेरी पत्नी से फोन पर बात करा, जब पति ने ऐसा करने से मना किया तो उसने गले पर ब्लेड से हमला कर दिया।