खेल महोत्सव में बीमार हुए बच्चों की हालत में सुधार, फूड पॉइजनिंग नहीं ठंड की वजह से बीमार हुए बच्चे

कटनी, यशभारत। पन्ना में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के दौरान बीमार हुए बच्चों की हालत में अब सुधार है। कटनी जिला अस्पताल में सभी बच्चों का सघन इलाज चल रहा है। तीन बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय से डिस्चार्ज किया जा चुका है। बच्चों के बीमार होने के बाद डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बच्चों की तबियत फूड पॉइजनिंग नहीं बल्कि अत्यधिक ठंड की वजह से खराब हुई है। उधर उस घटना के बाद से ही सांसद व्ही डी शर्मा बच्चों की सेहत और स्वास्थ्य को लेकर लगातार सक्रिय हैं और चिकित्सकों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। सांसद श्री शर्मा के निर्देश के बाद सभी बच्चों को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार सुविधा मुहैया कराई गई थी। गौरतलब है कि 25 दिसम्बर को पन्ना जिले में सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया गया था, जिसमे कटनी जिले के रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और मुड़वारा से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। समापन समारोह के उपरांत जब बच्चे बस में सवार होकर कटनी वापस आ रहे थे, तभी कुछ बच्चों की तबियत बिगड़ गई थी। जिसके बाद बच्चों को पहले पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।









