कटनीमध्य प्रदेश

खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, गांव में मचा हड़कंप, बांधवगढ़ से कटनी के लिए रवाना हुई रेस्क्यू टीम, क्षेत्र में दहशत का माहौल

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दरौडी में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक खेत की फेंसिंग तार में एक तेंदुआ फंसा हुआ पाया गया। तेंदुए के फंसे होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में लगी लोहे की फेंसिंग तार में तेंदुआ बुरी तरह उलझ गया है, जिससे वह घायल भी बताया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल नजदीकी वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचा और सुरक्षात्मक दृष्टि से पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। आम नागरिकों के घटनास्थल के पास जाने पर रोक लगा दी गई है, ताकि तेंदुआ किसी तरह तार से छूटने की स्थिति में किसी को नुकसान न पहुंचा सके। वन अधिकारियों द्वारा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम को भी सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि जैसे ही बांधवगढ़ से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचेगी, तेंदुए को सुरक्षित तरीके से फेंसिंग तार से मुक्त कर उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को बांधवगढ़ के जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। फिलहाल ग्राम दरौडी और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं वन विभाग पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button