इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

खरगोन में कर्फ्यू, मुख्यमंत्री की दो टूक : दंगाईयों की खैर नहीं , कोई भी दोषी बख्शा नहीं जायेगा, देंगे कठोरतम दंड

परीक्षाएं स्थगित, भारी पुलिस बल तैनात

WhatsApp Icon
Join Yashbharat App

भोपाल,यशभारत। रामनवमी पर खरगोन ,बड़वानी में हुए उपद्रव पर सरकार अब दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो टूक कहा कि प्रदेश में दंगाईयों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। कठोरतम दंड के साथ नुकसान की वसूली भी उनसे की जाएगी। उल्लेखनीय है कि खरगोन जिले में रविवार को दो पक्षों में हुए विवाद, पथराव और आगजनी की घटना के बाद सोमवार को कलेक्टर अनुग्रहा पी ने पूरे खरगोन शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। शहरवासियों को सिर्फ मेडिकल इमरजेंसी होने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी गई है। कर्फ्यू के चलते 11 अप्रैल को पूरा शहर बंद रहेगा। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार को रामनवमी में हुए विवाद में एसपी सिद्धार्थ चौधरी, 6 पुलिसकर्मी सहित करीब 24 लोग घायल हुए हैं।

दुर्भाग्य पूर्ण घटना -चौहान
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई लेकिन खरगोन में दुर्भाग्य पूर्ण घटना हुई है। दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे। दोषित चिन्हित कर लिए गए है और कार्यवाही का मतलब केवल जेल भेजना नहीं है बल्कि जिनने पत्थर चलाएं है। संम्पत्तियों को नुकसान पहुंचाया है, उनको दंडित तो किया ही जाएगा। लेकिन चाहे सार्वजनिक सम्पत्ति हो या निजी सम्पत्ति ,जितना भी नुकसान हुआ है उसकी वसूली भी उनसे की जाएगी। मध्यप्रदेश में हमने लोक एवं निजी सम्पत्ति को नुकसान का निवारण, नुकसान के वसूली के लिए अधिनियम पारित किया है। इसके लिए हम ट्रिब्यूनल का गठन कर रहे हैं। नुकसान का आंकलन कर वसूली भी की जाएगी और दोषियों को कठोरतम दण्ड दिया जाएगा। जो उदाहरण बन जाए हम किसी दंगाईयों को छोड़ेंगे नहीं।

दंगाईयों के घरों को पत्थर का ढेर बना देंगे
गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने सख्त एक्शन के संकेत दिए है। उन्होंने कहा है कि जिस किसी ने भी पत्थर फेक कर प्रदेश की शांति भंग करने का प्रयास किया है वह तैयार रहे अब उनके घरों को पत्थर का ढेर बना दिया जाएगा।

अब तक 77 लोगों की गिरफ्तारी
गृह मंत्री डॉ मिश्रा ने कहा कि खरगोन की घटना में अब तक 77 लोगो की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी और लोगो की गिरफ्तारी होगी। खरगोन में अब शान्ति है दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार करने का अभियान शुरू किया गया है। एक भी दोषी को बख्शा नहीं जायगा। गृह मंत्री ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद हार नहीं पचाने वाले इस तरह माहौल बिगाडऩे का काम चल रहा है।

टुकड़े टुकड़े गैंग की स्लीपर सेल की साजिश
टुकड़े टुकड़े गैंग की स्लीपर सेल यह सब साजिश कर रहे है। प्रदेश की शांति भंग कर यह विघ्नसंतोषी अपनी खीज निकाल रहे है।आप बताओ कि करोली राजस्थान में दंगे के बाद आज तक कर्फ्यू लगा है लेकिन खरगोन के दंगे में राजनीति करने वालो ने आज तक करोली को लेकर मुह नही खोला क्यों।क्योंकि वहाँ कांग्रेस की सरकार है।लेकिन में बता दू की प्रदेश में इस तरह शांति भंग करने वाले कितने भी मंसूबे पाल ले उनके मंसूबे सफल नही नहीं होने वाले है।किसी भी दोषी को बख्शा नही जायगा।प्रदेश शांति का टापू है और उसकी शांति भंग करने की इजाजत किसी को नही दी जाएगी।

कमलनाथ ने बनाई 5 सदस्यीय जांच कमेटी
खरगोन दंगा मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर पाँच लोगों की समिति गठित की गई है यह समिति मौके पर जाकर जाँच करेगी और रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी। समिति में पूर्व मंत्री सज्ज्र सिंह वर्मा, मुकेश नायक, बाला बच्चन , गजेन्द्र सिंह राजू खेड़ी ,शेख अलीम अध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग शामिल हैं।

एसपी सिद्धार्थ चौधरी को गोली लगी ,हालत खतरे से बहार
डीआईजी तिलक सिंह ने बताया कि सम्पूर्ण कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। करीब 400 का अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया है। एसपी सिद्धार्थ चौधरी के पैर पर गोली लगी है। वे निजी अस्पताल में भर्ती, उनकी हालत खतरे से बहार है। उपद्रवियों की सर्चिंग की जा रही है। फिलहाल करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। रात 2 बजे के बाद किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

परीक्षाएं की गईं स्थगित
खरगोन शहर कर्फ्यू के चलते कक्षा 8वीं और महाविद्यालयीन स्नातक और स्नातकोत्तर की सोमवार को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। आगामी आदेश तक परीक्षाएं स्थगित रहेंगी।
बता दें रामनवमी के अवसर पर रविवार को समुदाय विशेष के लोगों ने रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव कर दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ और पथराव के बाद आगजनी भी हुई। इस घटना के बाद शहर के तीन से चार स्थानों पर पथराव की अलग-अलग घटनओं हुईं थी। अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र होने के चलते बाहर से फोर्स बुलाकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सेंधवा में सुबह शांति के बीच पूरे शहर में पसरा रहा सन्नाटा
सेंधवा में उपद्रव के बाद बड़वानी, इंदौर का फोर्स पहुंचा। वहीं भारी पुलिसबल के साए में देर रात तक शोभायात्रा निकलती रही। रात करीब 12 बजे यात्रा का निर्धारित रूट से समापन हुआ। वहीं रात दो बजे तक एसपी दीपक कुमार शुक्ला सेंधवा में ही तैनात रहे। रातभर पुलिस के वाहन सायरन बजाते हुए गश्त करते रहे। सुबह सेंधवा का माहौल शांत रहा। सुबह पूरे सेंधवा शहर के गली-मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस ने हर स्थिति पर नजर रखी। सुबह दस बजे तक सिर्फ दूध वालों की आवाजाही रही। वहीं अखबार व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोग सुबह क्षेत्र के हालातों की जानकारी लेते रहे। कई लोगों को सुबह से ही उनके रिश्तेदारों के फोन आते रहे। एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि देर रात तक यात्रा के समापन के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन गश्त की। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने में पूरा बल जुटा रहा। अब सोमवार को दोपहर बाद पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज करेगी। इसके लिए इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित व अन्य स्रोतों से प्राप्त फोटो व वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इनकी पड़ताल की जा रही है। ताकि उपद्रवियों के विरुद्ध केस दर्ज किया जा सके। इसके अलावा लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। पूरी स्थिति नियंत्रित है। शांति व्यवस्था कायम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Notifications Powered By Aplu