केंद्रीय मंत्री के फॉलो वाहन की बस से टक्कर: 3 पुलिसकर्मी घायल, प्रहलाद पटेल क्षेत्र का दौरा कर दमोह लौट रहे थे

दमोह के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र में आने वाले चंपत पिपरिया गांव के पास केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के फॉलो वाहन में सवार 3 पुलिसकर्मी सड़क हादसे का शिकार हो गए। वाहन केंद्रीय राज्य मंत्री पटेल के आगे चल रहा था। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। सामने से आ रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस की बस ने पुलिस के फॉलो वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और 3 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद मंत्री पटेल भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
मंत्री ने बताई आंखों देखी घटना
जिला अस्पताल में घायल पुलिसकर्मियों को देखने पहुंचे मंत्री पटेल ने बताया कि उन्होंने पूरा घटनाक्रम अपनी आंखों से देखा है। फॉलो वाहन क्रास होने के बाद बस के चालक ने पिछले हिस्से में टक्कर मारी।