सतना, यश भारत।जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी चौकी के डुडही गांव में 13 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रिया चौधरी (पिता मुकेश चौधरी) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रिया बुधवार शाम करीब 6 बजे घर के पास स्थित कुएं से पानी भरने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह परिजनों ने पोड़ी चौकी में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
तलाश के दौरान दोपहर में ग्रामीणों ने कुएं में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव देखकर बदहवास हो उठे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में किसी संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने बताया कि रिया घर के कामों में हाथ बंटाती थी और अक्सर उसी कुएं से पानी भरने जाती थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Back to top button