कार में ढो रहे थे शराब : दो शराब तस्करों को पुलिस ने दबोचा, 300 पाव देशी एवं 60 लीटर कच्ची शराब जब्त
सटोरिए दीपक खत्री और उसके भाई संजय खत्री के कहने पर शराब की तस्करी

जबलपुर, यशभारत। थाना ओमती और गढ़ा पुलिस ने देर रात दबिश देकर 2 शराब तस्कारों को दबोच कर, कब्जे से 300 पाव देशी तथा 60 लीटर कच्ची शराब सहित कार जब्त की है। आरोपी फरार सटोरिए दीपक खत्री और उसके भाई संजय खत्री के कहने पर शराब की तस्करी कर रहे थे। पकड़े गए आरेापियों से पूछताछ जारी है।
जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि सूचना मिली कि शास्त्री ब्रिज के पीछे राजकुमारी बाई बाल निकेतन अनाथालय के बगल में रेल्वे पटरी के पास से अवैध शराब का परिवहन हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर शास्त्री ब्रिज के नीचे ऑडी कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 0088 के चालक विवेक गौतेल 23 वर्ष निवासी सेठीनगर गोरखपुर को दबोचा। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में 6 पेटी में 300 पाव देशी शराब की मिली। इसी प्रकार थाना प्रभारी गढ़ा राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शारदा मंदिर को जाने वाले रास्ते में मेन रोड पर 2 ड्रमों में शराब भरकर कहीं बेचने के लिये ले जाने की तैयारी में है, सूचना पर घेराबंदी कर संतोष बर्मन 40 वर्ष निवासी मदनमहल दरगाह हाल निवासी माण्डवा बस्ती गोरखपुर बताया जिसे सूचना से अवगत कराते हुये दोनों ड्रमों को चैक करने पर 60 लीटर कच्ची शराब होना पायी गयी।







