कांग्रेस में नई पहल:बूथ, ब्लॉक और शहर कमेटी में जीते हुए प्रतिनिधि को ही मिलेगा नगरीय निकाय में टिकट

जबलपुर, यशभारत। कांग्रेस में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया को संपंन्न कराने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोआर्डिनेटर एवं सदस्य बीआरओ अमजद हसन जबलपुर पहुंचे। उन्होंने साफ किया कि बूथ, ब्लॉक और शहर कमेटी में जीते हुए प्रतिनिधि को ही नगरीय निकाय में टिकट मिलेगा।
कांग्रेस नेता अमजद हसन ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव जारी है। ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक चुनाव के बाद अगले महीने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का चुनाव होगा। वहीं 14 मई को पहली मतदाता सूची जारी की जाएगी। 17 मई तक आपत्ति ली जाएगी। 20 मई के बाद बूथ स्तर की चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। बूथ स्तर में 2 लोगों का चयन किया जाएगा। जिन्हें ब्लॉक स्तर पर लाया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर 6 लोगों का चुना जाएगा
ब्लॉक स्तर पर छह लोगों को चुना जाएगा। ये शहर कमेटी में भागीदार होंगे। जिसके बाद जबलपुर शहर में स्वतंत्र रूप से ही निष्पक्ष पीसीसी व एआईसीसी बूथ, ब्लॉक व शहर कांग्रेस कमेटी में चुना जाएगा। चुनावों में एक पद, एक व्यक्ति के निर्णय का पालन किया जाएगा। संगठनात्मक चुनाव में जबलपुर जिले से 1900 बूथ पदाधिकारी, 13 ब्लॉक अध्यक्ष, एक नगर अध्यक्ष, 13 प्रदेश स्तरीय कार्यसमिति सदस्य व दो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
जमीनी व्यक्ति को मिलेगा टिकट
चुनावों में धरातल के व्यक्तियों को ही टिकट दिया जाएगा। वही बूथ कमेटी, ब्लॉक कमेटी और शहर कमेटी में जो भी प्रतिनिधि जीतकर आएगा। उन्हें ही नगरीय निकाय में टिकट दिया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष जगत बहादुर अन्नू भी मौजूद रहे।