मध्य प्रदेशराज्य

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत : जिला इकाइयों के पुनर्गठन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की पर्यवेक्षकों की नियुक्ति : जल्द मिलेंगे जिलों को नए अध्यक्ष

 यश भारत (स्पेशल डेस्क)/ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्यप्रदेश में संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में  जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए AICC पर्यवेक्षकों  नियुक्ति की है। यह पहल गुजरात मॉडल की तर्ज पर लागू की जा रही है, जिसे कांग्रेस संगठन के लिए अत्यंत सफल और प्रभावी माना गया है।

इस अभियान का नाम संगठन सृजन अभियान रखा गया है, जिसका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की जड़ों को गांव-गांव तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाना, तथा संगठनात्मक ढांचे को नए नेतृत्व के साथ सशक्त बनाना है।

संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि “AICC के पर्यवेक्षक प्रदेश के सभी जिलों में जाकर संगठनात्मक स्थिति का गहराई से मूल्यांकन करेंगे, स्थानीय कार्यकर्ताओं, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय नेताओं से संवाद करेंगे और निष्पक्षता व क्षमता के आधार पर नए जिला अध्यक्षों की सिफारिश करेंगे।”

संजय कामले ने आगे कहा, “यह अभियान न केवल एक नियुक्ति प्रक्रिया है, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फिर से संगठित करने, उन्हें सम्मान और भूमिका देने का एक सुनियोजित प्रयास है। इससे संगठन की निचली इकाइयाँ भी सक्रिय होंगी और आमजन तक कांग्रेस के विचारों व नीतियों को प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी कुछ दिनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जो AICC पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय बनाकर इस प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध रूप से पूर्ण करेंगे।

संगठन सृजन अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नियुक्ति जनसरोकार, ज़मीनी सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर हो। यह कदम मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने का कार्य करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button