कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान : पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत कर जनता की आवाज को बुलंद करने में सहायक होगा : सरत राऊत

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)l अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के रूप में एक रणनीतिक और व्यापक पहल शुरू की है। इस अभियान का उद्देश्य निचले स्तर से नए नेतृत्व को उभार कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता के साथ गहरा जुड़ाव स्थापित करना है।
यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक सरत राऊत ने आज यहां पत्रकार वार्ता के दौरान कही। वे पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी के संगठन सृजन अभियान को साकार रूप देने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आज यहां पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस की ओर से पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी तथा मनोज कपूर भी यहां पहुंचे हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ग्रामीण अध्यक्ष डॉ आनंद अहिरवार, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक, जिला शहर प्रवक्ता आशीष ज्योतिषी व अवधेश तोमर तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव भी विशेष रूप से मौजूद थे।
केंद्रीय पर्यवेक्षक सरत राऊत ने आगे कहा कि यह अभियान कांग्रेस की मूल विचारधारा सामाजिक न्याय, समावेशिता, और जन-केंद्रित विकास को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अभियान कांग्रेस को न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत करेगा, बल्कि जनता की हर आवाज को बुलंद करने में भी सहायक होगा।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व पीसीसी के पर्यवेक्षक चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के कुशल निर्देशन और मार्गदर्शन में जिला, ब्लॉक, और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक गतिशील और समन्वित बनाकर संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में काम शुरू किया गया है। जिसके तहत स्थानीय नेतृत्व को प्रोत्साहित कर कार्यकर्ताओं को जवाबदेही के साथ सशक्त बनाया जाएगा।
जिले के संगठन प्रभारी तथा पीसीसी के पर्यवेक्षक मनोज कपूर ने कहा कि यह अभियान सागर में युवाओं और महिलाओं को कांग्रेस के साथ जोड़ने का सुनहरा अवसर है। संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत बूथ-स्तरीय संगठन निर्माण कर प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता समूह का गठन किया जाएगा।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन में संगठन सृजन अभियान के तहत सागर में किसानों की समस्याओं जैसे उचित मूल्य, सिंचाई, और ऋण माफी पर ध्यान देना, बेरोजगारी और शिक्षा के मुद्दों को उठाना, साथ ही युवाओं को पार्टी में सक्रिय भूमिका देना, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, और आर्थिक स्वतंत्रता के लिए विशेष कार्यक्रम को लेकर लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं।
अंत में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने कहा कि इस पत्रकार वार्ता में मीडिया के माध्यम से संगठन सृजन अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि इस अभियान को सागर और मध्यप्रदेश में प्रभावी बनाने में पार्टी के निचले स्तर के कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित की जा सके। पत्रकार वार्ता डॉ दिनेश पटेरिया सिंटू कटारे समेत कई वरिष्ठ नेता पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।







