कटनी : 5 शादियां करने वाले मिस्त्री का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, लमतरा गांव की घटना

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा गांव में शनिवार देर शाम एक 55 वर्षीय मकान मिस्त्री का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान होने से परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान किशोरी लाल चौधरी के रूप में हुई है, जो पेशे से मकान निर्माण का काम करते थे और लंबे समय से लमतरा गांव के पावर हाउस के पास रह रहे थे। शनिवार शाम जब किशोरी लाल का शव फांसी से लटका मिला, तो परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक के बड़े भाई कुंजीलाल चौधरी ने बताया कि उनके भाई किशोरी लाल के सिर पर चोट के निशान हैं, जो यह दर्शाते हैं कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कुंजी लाल ने बताया कि किशोरी लाल की पहली शादी 1990 में बड़वारा के खरहटा गांव में लक्ष्मी बाई चौधरी से हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण 1995 में उन्होंने उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद 1995 में उन्होंने कैमोर के सलैया गांव की काशो बाई चौधरी से शादी की, लेकिन इस शादी का भी यही अंजाम हुआ। 1998 में उन्होंने कटनी जिले के एन के जे थाना क्षेत्र के खेरवा गांव की कविता चौधरी से विवाह किया, लेकिन विवाद के कारण वह भी कुछ साल बाद उन्हें छोड़कर चली गईं। 2005 में उनकी चौथी शादी उमरिया जिले के बिशकुटा गांव की सुनिया बाई चौधरी से हुई, जिनसे उन्हें एक बेटी सुषमा चौधरी भी थी, लेकिन घरेलू विवाद के चलते वह भी उन्हें छोड़कर चली गईं। वर्तमान में, वह 2009 से उमरिया के जोगिया गांव की बेबी बाई चौधरी के साथ रह रहे थे। इस मामले में कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।








