देश

कटनी से कौन बनेगा मंत्री ? नगर निगम के लिए एल्डरमैन की सूची भी तैयार, प्राधिकरण में भी होगी ताजपोशी…नए साल में मिलेगा तोहफा, कवायद में जुटा भाजपा संगठन

कटनी, यशभारत। प्रदेश में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट है। सवाल यही है कि पिछले विधानसभा चुनाव में चारों सीटें तस्तरी में परोसकर देने वाले कटनी जिले को क्या मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकेगा। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि कटनी के किसी विधायक की मंत्रिमंडल में ताजपोशी की संभावना बहुत कम है, बावजूद इसके अगर सीएम की सूची में कटनी शामिल हुआ तो नाम चौंकाने वाला होगा। सीएम डॉ मोहन यादव ने पिछले पखवाड़े से जारी समीक्षा बैठकों में मंत्रियों के साथ विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी देखा है। आवश्यकतानुसार वन टू वन भी मुलाकात की है। सारी कवायद अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर की जा रही है। पार्टी का ध्यान इस पर भी है कि विधानसभा से पहले नगरीय निकाय चुनाव होना है इसलिए अब समय आ गया है कि मैदान पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं को संतुष्ट कर दिया जाए। सूत्र बता रहे हैं कि नगर निगम और नगर परिषदों में एल्डरमैनों की नियुक्तियों जल्द होना है। नए साल में कार्यकर्ताओं को इसका तोहफा मिल जाएगा।
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूरे होने के साथ ही सत्ता और संगठन ने आगामी तीन वर्षों की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा विभागीय समीक्षा के बाद विकास के लक्ष्य तय किए जा चुके हैं, जिन पर अब संगठन के साथ मिलकर अमल किया जाएगा।
इसी क्रम में प्रदेश के निगम-मंडलों, बोर्डों और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियां शीघ्र की जाएंगी। साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार की भी तैयारी पूरी कर ली गई है। भाजपा सूत्रों के अनुसार नियुक्तियों और विस्तार का खाका लगभग तैयार है और जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उच्चस्तरीय बैठक में बनी सहमति
राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद सरकार और संगठन में सक्रियता तेज हो गई है। पिछले तीन महीनों से नियुक्तियों को लेकर बैठकों का दौर जारी है। हाल ही में मुख्यमंत्री निवास पर हुई अहम बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय सह संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद रहे। बैठक में निगम-मंडल, बोर्ड, प्राधिकरण, एल्डरमैन और सरकारी कॉलेजों की जनभागीदारी समितियों में नियुक्तियों पर चर्चा हुई।

एक दर्जन से अधिक नामों पर सहमति

सूत्रों के अनुसार सत्ता और संगठन की सहमति से एक दर्जन से अधिक नामों पर सहमति बन चुकी है। पहली सूची जल्द जारी हो सकती है, जबकि दूसरी सूची भी इसी महीने लाने की तैयारी है। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2024 में मोहन सरकार ने निगम-मंडलों की पूर्व नियुक्तियां निरस्त कर दी थीं।

कटनी में बनेंगे 8 एल्डरमैन

bjp 1 1

निगम-मंडलों के साथ-साथ एल्डरमैन की नियुक्तियां भी होंगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में 12-12 एल्डरमैन, मुरैना, सिंगरौली, रीवा, सतना, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, रतलाम और कटनी में 8-8 एल्डरमैन, लगभग 70 नगर पालिकाओं में 6-6 एल्डरमैन और करीब 180 नगर परिषदों में 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। दस लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगर निगमों में 12 एल्डरमैन नियुक्त किए जा सकते हैं, जबकि नगर पालिकाओं में यह संख्या कम होगी। पहले चरण में विकास प्राधिकरणों और कुछ प्रमुख निगम-मंडलों में नियुक्तियां की जाएंगी, इसके बाद अन्य पदों पर निर्णय होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button