कटनी में भी एसआईआर में मनमानी, हजारों मतदाताओं के नाम काटने की तैयारी, फर्जी आवेदन जमा किये गए, कांग्रेस ने पत्रकार वार्ता में भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

कटनी, यशभारत। कांग्रेस ने आज एक पत्रकार वार्ता करते हुए नगर निगम सीमा क्षेत्र सहित पूरे जिले में हजारों की तादात में मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिथलेश जैन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर जिला निर्वाचन कार्यालय के कतिपय कर्मचारियों की मिलीभगत से अकेले शहर में चार पांच हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में हटा दिए गए हैं। इसमें से ज्यादातर मुस्लिम समाज के हैं, जो सालों से कांग्रेस को वोट करते आ रहे हैं। श्री जैन ने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्यरत नियंत्रण कक्ष से बीएलओ को बड़ी तादात में मतदाताओं के नाम काटने के आवेदन दिए गए हैं। यह सब भाजपा नेताओं के इशारे पर हो रहा है।
23 दिसम्बर को मतदाता सूची का प्रकाशन
श्री जैन ने बताया कि प्रदेश के साथ ही कटनी जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य किया गया, जिसके अनुसार प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसम्बर को किया जा चुका है तथा उक्त सूची में सम्मिलित नामों पर प्रारूप 7 में नाम कटवाने के आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। उल्लेखनीय है कि कटनी विधानसभा के सभी बूथ में बीएलओ द्वारा स्वतः ही घर-घर जाकर चुनाव आयोग से प्राप्त मतदाता फॉर्म वितरण किए गए और मतदाताओं का सत्यापन किया और उसके बाद ही प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ है।
सत्तारूढ़ दल पर लगे गंभीर आरोप
श्री जैन ने कहा कि भाजपा द्वारा प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित हजारों नामों को काटने का षडयंत्र किया गया है। रघुनाथगंज वार्ड क्रमांक 23 के बूथ नंबर 178, न्यू कटनी जंक्शन क्षेत्र के 138 से 149 तक एवं शहर के अनेकों वार्डों में विभिन्न मतदान केन्द्रों में हजारों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कार्ट जाने के लिए फर्जी आपत्तिकर्ता के नाम से तहसील कन्ट्रोल रूम में आवेदन दिये गये हैं। यह गंभीर विषय है।
पोलिंग बूथ में बीएलओ लेता है आवेदन
उल्लेखनीय है कि यदि मतदाता सूची में किसी नाम के सम्मिलित होने पर किसी व्यक्त्ति को कोई आपत्ति हो तो सामान्यतः वह बूथ में जाकर बी.एल.ओ. को आवेदन देता है लेकिन भाजपा द्वारा षडयंत्र करके हजारों की संख्या में एक साथ आवेदन प्रशासनिक व जिम्मेदार अधिकारियों की उच्च स्तरीय मिलीभगत से सीधे कंट्रोल रुम में दिये और कन्ट्रोल रुम के कर्मचारियों के द्वारा सुपरवाईजर को भेजे गए और अब बी.एल.ओ. पर दबाव डालकर ऐसे मतदाताओं के नाम, जो जन्म से ही और वर्तमान में निवास कर रहे हैं, उनके नाम मतदाता सूची से काटने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
रघुनाथ गंज वार्ड और एनकेजे
का मामला
उल्लेखनीय है कि रघुनाथगंज वार्ड के बूथ कमांक- 178 में ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम गुलवारा निवासी दिलीप वल्द आशाराम हल्दकार के नाम से उसके फर्जी हस्ताक्षर करके आपत्ति आवेदन दिये गये हैं जबकि पता करने पर ज्ञात हुआ है कि दिलीप पिता आशाराम हल्दकार जाति का है तथा उसके द्वारा हस्ताक्षर करके ऐसा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। वह हिंदी में नहीं बल्कि अंग्रेजी में हस्ताक्षर करता है। इस बुध क्रमांक 142 के संबंध में रमेश वल्द शिवचरण के नाम से नाम काटने का आवेदन दिया गया है। इस संबंध में यह पता चला है कि रमेश की जाति दुबे है तथा वह ग्राम देवडोगरा का निवासी है तथा द्वारा भी कहा गया है कि उसने कोई भी नाम काटने का आवेदन नहीं दिया है।
कम्प्यूटर से टाइप कर दिए गए आवेदन
इसी प्रकार बूथ नंबर 172 में भी ग्राम हरदुआ निवासी किशोरीलाल के फर्जी हस्ताक्षर करके नाम काटने के आवेदन दिये गये हैं। इसी प्रकार शहर के खिरहनी, मंगल नगर, भट्टा मोहल्ला, मदन मोहन चौबे वार्ड के विभिन्न मतदाताओं के नाम कटाने हेतु प्रारूप-7 के फर्जी आवेदन दिये गये हैं। ईश्वरीपुरा वार्ड के बूथ क्रमांक 180, 181, 182 में भी नाम काटे जाने हेतु फर्जी नाम से प्रारुप 7 के आपत्ति आवेदन दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि जो आपत्ति आवेदन दिये गये हैं वह फर्जी व कूट रचित तरीके से किसी कार्यालय में कम्प्यूटर के माध्यम से तैयार किये गये हैं। जिसमें जिस मतदाता का नाम काटा जाना है, उसका विवरण कम्प्यूटर से टाईप किया हुआ है जबकि आपत्तिकर्ता का नाम व विवरण हस्तलिपि में है. जिससे यह प्रमाणित है कि भाजपा द्वारा कांग्रेस समर्थित एवं धर्म विशेष से संबंधित मतदाताओं के नाम काटने का षडयंत्र किया जा रहा है।
इनकी रही उपस्थिति
पत्रकार वार्ता में जिला (शहर) कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मिथलेश जैन एडवोकेट, जिला (ग्रामीण) कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ठा. गुमान सिंह, पूर्व अध्यक्ष करण सिंह, प्रदेश जिला महामंत्री रजनी वर्मा, एडवोकेट भूपेश जायसवाल, नगर निगम के पूर्व पार्षद मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट, सेवादल के पूर्व अध्यक्ष पंकज गौतम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक पांडेय, गोविंद सचदेवा, दानिश अहमद, जार्ज डेविड इत्यादि उपस्थित थे। सभी ने जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष तिवारी से मांग की है कि नाम काटने के लिए दिये गये सभी फार्मों को जप्त कर उनके संबंध में जाँच की जावे एवं फर्जी कार्यवाही में सम्मिलित कर्मचारियों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकरे जेल की सैर कराई जावे।







